All Stories

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संगम में लगाई पुण्य की डुबकी

वैदिक मंत्रों के बीच किया स्नान
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रयागराज पहुंचे हैं. उन्होंने त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करने के बाद प्रार्थना और गंगा आरती की. राजनाथ सिंह ने पूरे विधान के साथ गंगा आरती की। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुधांशु त्रिवेदी और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह ने सीएम योगी को दी बधाई
संगम स्नान के बाद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि “मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि परमात्मा ने मुझे यह अवसर प्रदान किया। आज प्रयागराज, संगम में स्नान करने के बाद मैं स्वयं को बहुत ही कृतार्थ महसूस कर रहा हूं। भारतीयता सांस्कृतिक एवं सनातन धर्म की आध्यात्मिक अनुभूति का यह पर्व है, जो प्राचीन वैदिक खगोलीय घटना पर आधारित है। यह गंगा, यमुना व सरस्वती के साथ सनातन धर्म की आध्यात्मिक, वैज्ञानिकता और साथ ही साथ सामाजिक समरसता का भी संगम है। विश्व के सबसे बड़े जन समागमका कुशल संचालन जिस तरह से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। मैं यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए हार्दिक बधाई देता हूं।"

अक्षयवट, पातालपुरी और सरस्वती कूप के किए दर्शन
आर्मी ने राजनाथ सिंह के संगम पर पहुंचने से पहले किला घाट को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में ले लिया था। घाट पर सुरक्षा के लिए स्निफर डॉग्स और बम स्क्वायड द्वारा जांच की गई। इसके बाद, रक्षा मंत्री ने अक्षयवट, पातालपुरी और सरस्वती कूप के दर्शन किए। वे फिर हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करने गए, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से पूजा की और आशीर्वाद लिया।
विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम में भाग लेने के लिए त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का आना जारी है। 45 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भक्तों ने त्रिवेणी संगम – गंगा, यमुना और ‘रहस्यमय’ सरस्वती नदियों के पवित्र संगम पर पवित्र डुबकी लगाई है। महाकुंभ के छठे दिन भी लोगों ने उत्साह के साथ त्रिवेणी में डुबकी लगाना शुरू कर दिया है। कुछ लोग जो महाकुंभ के आरंभ से आए थे वे भले ही लौट चुके हों लेकिन उनकी जगह नये श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। कई आस्थावान महाकुंभ की शुरुआत से ही कुंभ नगर में बने हुए हैं।

All Stories